श्री नानकपुरा आश्रम में गूंजा संतों का संदेशसंतों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि: नानकपुरा आश्रम में उमड़ा संतों का सैलाब



हरिद्वार (कमल शर्मा)। भूपतवाला स्थित प्रसिद्ध श्री नानकपुरा आश्रम में परम पूज्य बाबा गोपाल सिंह जी महाराज भूरी वाले की बरसी के उपलक्ष्य में विशाल संत समागम एवं लंगर का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भावना के साथ किया गया। संत समागम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा गोपाल सिंह जी महाराज को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके बताए सेवा, त्याग एवं मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


समागम में परम पूज्य महंत सुखबीर कर जी महाराज, बाबा गुरविंदर सिंह महाराज, बाबा अमरजीत सिंह महाराज एवं बाबा गुरमुख सिंह महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने अपने पावन विचारों से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किया। संतों ने कहा कि संत-महापुरुषों का जीवन समाज को प्रेम, सद्भाव, सेवा और परोपकार की प्रेरणा देता है। बाबा गोपाल सिंह जी महाराज ने अपने जीवनकाल में मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए समाज को सत्य, भक्ति और सदाचार का मार्ग दिखाया।


संतों ने कहा कि संत-महापुरुषों की बरसी केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का पावन अवसर है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में प्रेम, भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत किया जा सकता है।
संतों के आध्यात्मिक विचारों से श्री नानकपुरा आश्रम का वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आए।
इस अवसर पर विशाल लंगर का भी आयोजन किया गया, जिसमें संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने सभी संतों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा, सत्संग और मानव कल्याण की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाना ही परम पूज्य बाबा गोपाल सिंह जी महाराज के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *