27 सितंबर को होगा विशाल आर्य सम्मेलन, निमंत्रण देने के लिए आर्य प्रतिनिधि सभा ने हरिद्वार जिले में चलाया जनसंपर्क अभियान
हरिद्वार। दिनांक 10 सितंबर 2026, गुरुवार को जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा आगामी 27 सितंबर 2026 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशाल आर्य सम्मेलन को लेकर हरिद्वार जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य लोगों से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित होने का सप्रेम निमंत्रण दिया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया गया।
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत वरिष्ठ समाजसेवी श्री चरण सिंह एडवोकेट के निवास से हुई। जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के पदाधिकारियों ने उनका ओम वस्त्र पहनाकर, ओम पट्टी एवं ओम स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात श्रद्धेय स्वामी संतोसानन्द अवधूत मंडल आश्रम एवं आर्य प्रतिनिधि मंडल से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया और सम्मेलन में पधारने का अनुरोध किया गया।
इसके बाद बड़ा उदासीन अखाड़ा, हरिद्वार के महंत गोविंद दास जी को निमंत्रण पत्र भेंट किया गया। वहीं बेली राम आश्रम, हरिद्वार के महंत स्वामी श्यामदास जी को भी सप्रेम निमंत्रण पत्र देकर सम्मेलन में सहभागिता का आग्रह किया गया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष चौधरी संजीव कुमार ‘नीतू’ से भी मुलाकात कर कार्यक्रम को लेकर विस्तृत वार्ता की गई तथा उनसे सहयोग प्राप्त हुआ। इसके पश्चात लक्सर विधायक मोहम्मद सहजाद से भेंट कर उन्हें भी विशाल आर्य सम्मेलन में पहुंचने का निमंत्रण पत्र दिया गया। विधायक द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित रहने तथा आयोजन में सहयोग करने का आश्वासन दिया गया।
इसके अतिरिक्त सुल्तानपुर क्षेत्र में समाजसेवियों एवं वरिष्ठ आर्यजनों से संपर्क कर उन्हें भी सम्मेलन का निमंत्रण दिया गया तथा अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने का अनुरोध किया गया।
जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, वरिष्ठ प्रधान ऋषिपाल आर्य, श्री दीपक कुमार शुक्ला, कार्यक्रम स्थल से जुड़े भाई दीपक सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस जनसंपर्क अभियान में उपस्थित रहे।
पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे हरिद्वार जिले में टीमों का गठन कर विभिन्न क्षेत्रों में निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं। सम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर को आयोजित होने वाले इस विशाल आर्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया जा रहा है।













