हरिद्वार(कमल शर्मा)मुल्तान सावन जोत महोत्सव को लेकर पानीपत के मुल्तान सावन जोत सभा द्वारा हरिद्वार में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया जा रहा है। श्री कृष्ण कृपा धाम, भीमगोड़ा, हरिद्वार में 22 अगस्त को भजन संध्या तथा 23 अगस्त को मुल्तान सावन जोत की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुल्तान सावन जोत सभा, मॉडल टाउन, पानीपत के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजन-संकीर्तन के साथ संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में श्री लखन शाण्डिल्य जी एवं श्री ज्ञानानंद महाराज जी का पावन सान्निध्य रहा।
इस अवसर पर सभा के प्रधान विपिन चुघ ने कहा कि “मुल्तान सावन जोत महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हरिद्वार की पावन धरती पर जोत का आगमन हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। हमें अपनी भावी पीढ़ी को भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना चाहिए। इस पावन आयोजन में देशभर से श्रद्धालु शामिल होकर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट करें।”
उन्होंने कहा कि मुल्तान समाज की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपराओं को निरंतर आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जोत महोत्सव आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
आयोजन में संयोजक हरीश कोचर, सरपरस्त रमेश नांगरू, महासचिव तिलक राज मिगलानी, सुनील पुनयानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भजन संध्या का आयोजन 22 अगस्त को शाम 6 बजे किया गया, जबकि 23 अगस्त को शाम 5 बजे मुल्तान सावन जोत की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के साथ भाग लिया तथा हरिद्वार की पावन गंगा तट पर धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
पानीपत से हरिद्वार पहुंचा मुल्तान सावन जोत महोत्सव का न्योता, विपिन चुघ बोले—धर्म और संस्कृति की इस पावन यात्रा में सभी बनें सहभागी













