हरिद्वार (कमल शर्मा)। मुल्तान युवा संगठन के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मुल्तान ज्योत महोत्सव को लेकर हरिद्वार में श्रद्धा, उत्साह और उमंग का वातावरण बना हुआ है। महोत्सव के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक सेवा के कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं। इसी सेवा भावना के तहत मुल्तान युवा संगठन के प्रधान कौशल गावरी एवं भीमगोड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय अरोड़ा ने सर्वानंद घाट स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंचकर बच्चों और महिलाओं के बीच आवश्यक सामग्री वितरित की।

इस दौरान रक्षाबंधन के उपलक्ष में बच्चों को खिलौने एवं खेलकूद का सामान, जबकि महिलाओं को श्रृंगार सामग्री, कपड़े और गहने वितरित किए गए। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और महिलाओं के चेहरे पर संतोष साफ दिखाई दिया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता तभी है, जब उनके साथ जरूरतमंदों की सेवा और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास भी किया जाए।

मुल्तान युवा संगठन के प्रधान कौशल गावरी ने कहा कि मुल्तान ज्योत महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज को सेवा, सहयोग और भाईचारे का संदेश देने वाला आयोजन भी है। संगठन का प्रयास है कि महोत्सव की खुशियां समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं के बीच सामग्री वितरित कर उन्हें अपनेपन का अहसास कराना संगठन की प्राथमिकता है

भीमगोड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय अरोड़ा ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। धार्मिक आयोजनों के दौरान जरूरतमंदों की सहायता करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि मुल्तान ज्योत महोत्सव के माध्यम से श्रद्धा के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुल्तान ज्योत महोत्सव को लेकर नगर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सेवा कार्यों ने महोत्सव की धार्मिक भावना को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए इसे और भी सार्थक बना दिया है।













