रुड़की(कमल शर्मा)80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आर्य समाज नंद विहार रुड़की एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक वटवृक्ष सुनहरा स्थित शहीद स्मारक स्थल पर भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं वीरांगनाओं को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि यज्ञ किया गया।

यज्ञ के ब्रह्मा ऋषिपाल आर्य रहे, जबकि यज्ञमान के रूप में सुभाष सैनी एवं उनकी धर्मपत्नी बबिता सैनी ने आहुति दी। स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन एवं संचालन जिला आर्य समाज प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने किया।
इसके पश्चात पूर्व मेयर नगर निगम रुड़की गौरव गोयल, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारियों ऋषिपाल आर्य एवं संजय चौबे सहित गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प लिया।

आर्य समाज के प्रसिद्ध भजनोपदेशक आर्य चेतराम ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। उनके गीतों पर उपस्थित लोगों में देशप्रेम का उत्साह देखने को मिला।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी, नवीन जैन, भाजपा नेता मिथलेश सैनी, दीपा सैनी, शारदा, रविंद्र सैनी, सोनू सिंह सैनी, पवन योगाचार्य, पुष्पेंद्र आर्य, तरुण अग्रवाल, सोनू आर्य, एडवोकेट अनुज सैनी, कपिल सैनी, रणबीर सिंह, राजकुमार मतलबपुर, इमरान देशभक्त, अनूप शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
समारोह का समापन राष्ट्रगान एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ हुआ। शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को देश के वीर सपूतों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाई।










