हरिद्वार(कमल शर्मा)पवित्र कांवड़ यात्रा के अवसर पर शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा और उन्हें यात्रा के दौरान राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि.) की ओर से जटवाड़ापुल क्षेत्र में फल एवं शीतल पेय वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों को फल एवं शीतल पेय वितरित कर उनका स्वागत एवं सेवा की।
गर्मी और लंबी यात्रा को देखते हुए क्लब सदस्यों ने कांवड़ियों को ठंडा पेय एवं फल उपलब्ध कराए। बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने सेवा का लाभ उठाया और क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
क्लब अध्यक्ष बाबर खान ने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, आस्था और सेवा का पर्व है। देश के विभिन्न राज्यों से लाखों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचते हैं और कठिन यात्रा पूरी कर अपने गंतव्य की ओर लौटते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।
महामंत्री बिक्रमजीत सिंह ने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से आगे भी जनसेवा एवं सामाजिक हित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से ही ऐसे सेवा कार्य सफल होते हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष बाबर खान, महामंत्री बिक्रमजीत सिंह, कोषाध्यक्ष मु० दानिश कुरैशी, प्रवक्ता मंत्री बिजेंद्र कुमार, संगठन मंत्री अमित वर्मा, विशवास सैनी, धर्मराज, प्रीति अग्रवाल, ममता चौहान, प्रभा सिंह, आनंद कश्यप, अभिषेक कश्यप, सागर ठाकुर, रोहन कुमार सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।










