हरिद्वार में ‘मां गंगा ऑल इंडिया इन्विटेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट’ में रोमांच चरम पर, फाइनल आज

हरिद्वार। कमल शर्मा/जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा प्रेमनगर आश्रम में आयोजित ‘मां गंगा ऑल इंडिया इन्विटेशनल बास्केटबॉल टूर्नामेंट’ के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबलों में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
पुरुष वर्ग में खेले गए मुकाबलों में आर्मी रेड ने नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे को 95-66 के बड़े अंतर से हराकर दमदार जीत दर्ज की। वहीं नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे और वेस्टर्न कमांड के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में वेस्टर्न कमांड ने 82-75 से बाजी मारी। एलबीए और सीआईएसएफ के बीच खेले गए मैच में एलबीए टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 58-30 से जीत हासिल की।
महिला वर्ग में सेमीफाइनल मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे। नॉर्दर्न रेलवे ने सेंट्रल रेलवे को 60-55 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में साउथ रेलवे ने नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे को 77-68 से हराकर जीत दर्ज की।
इस अवसर पर उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष भगवान कार्की ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सरकार के प्रयासों से राज्य खेलों के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रतियोगिताओं के आयोजन से नई प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है।
जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के इस टूर्नामेंट के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ खिलाड़ियों को मिल रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों से भी प्रतिभाएं उभरकर सामने आ रही हैं।
जिला सचिव संजय चौहान और उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने बताया कि सभी टीमें बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं और टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा।
जिला चेयरमैन रवि बजाज ने कहा कि भविष्य में भी बास्केटबॉल को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।
इस दौरान गुलशन अदलक्खा, ऋषि सचदेवा, आदित्य चौहान, जुगराज सिंह, अनिल मेहता, अंकुश रोहेला, अंकुर राणा, नीरज त्यागी, सतीश त्यागी, अनिल गोयल, अनुज वालिया, योगेश शर्मा, आनंद सागर, प्रकाश केशवानी, अर्श नैय्यर, मयंक मल्होत्रा, हीरा सिंह बिष्ट, मयंक गुप्ता, संजय अग्रवाल, बलराम कपूर, उज्ज्वल वालिया, इंद्रेश गौड़, लक्ष्य शर्मा, शिवम आहूजा, मनोरम शर्मा, मयंक शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *