हरिद्वार (कमल शर्मा)। कांवड़ मेले में सेवा, समर्पण और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रोटरी हरिद्वार ने अपने महत्वाकांक्षी करीब एक लाख जूस की बोतलों के वितरण के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया। इस सेवा पहल को कांवड़ यात्रियों द्वारा खूब सराहा जा रहा है।
मेडिकल कैंप में श्रद्धालुओं की बुनियादी स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ मांसपेशियों के दर्द से राहत के लिए पेन रिलीफ स्प्रे, छोटी-मोटी चोटों का उपचार एवं प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा पट्टी की समुचित व्यवस्था की गई। गर्मी और लंबी पैदल यात्रा से थके श्रद्धालुओं को जूस वितरण के माध्यम से भी राहत प्रदान की गई।
इस सेवा अभियान का नेतृत्व रोटरी हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ. नीलमाधव साहू स्वयं कर रहे हैं। उनके साथ क्लब के सचिव रोटेरियन धर्मेन्द्र मान्धाता, उपाध्यक्ष रोटेरियन गंगाधर नायक, रोटेरियन विवेक मिश्रा, रोटेरियन अंकुर मित्तल, पूर्व अध्यक्ष (पीपी) रोटेरियन बृज मोहन गुप्ता, रोटेरियन निखिल गर्ग सहित अनेक सदस्य पूरे समर्पण और उत्साह के साथ सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।
पूर्व अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत ने कहा कि रोटरी हरिद्वार का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक कांवड़ यात्री की यात्रा को सुरक्षित, स्वस्थ और सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि रोटरी का प्रत्येक सदस्य समाज सेवा के इस संकल्प को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने के लिए सदैव तत्पर रहता है।
कांवड़ मेले में रोटरी हरिद्वार की यह सेवा पहल मानवता, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आई है। क्लब का संदेश स्पष्ट है— “सेवा ही रोटरी का धर्म है।”










