हरिद्वार (कमल शर्मा)। आर्य नगर चौक स्थित एक होटल में साउथ एशियन सैनिटेशन लेबर एंड नेटवर्क (SASLN) की ओर से एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) विषय पर एक दिवसीय यूथ वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लगभग 30 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में प्रदेश कन्वीनर विकेश कुमार, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर अमृता, डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. हरीश आनंद तथा डॉ. योगेश कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी प्रकार की दवा, विशेषकर एंटीबायोटिक का सेवन नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक दवाओं का उपयोग भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं और एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस जैसी चुनौती को जन्म देता है। साथ ही बच्चों को व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रदेश कन्वीनर विकेश कुमार ने कहा कि “एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है। यदि समय रहते लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को इसके प्रति जागरूक नहीं किया गया तो भविष्य में सामान्य संक्रमणों का इलाज भी कठिन हो जाएगा। जागरूकता, स्वच्छता और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही दवाओं का सेवन इस चुनौती से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”

कार्यशाला में बच्चों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी कई प्रश्न पूछे और उपयोगी जानकारी प्राप्त की। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी एंटीबायोटिक के सही उपयोग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यशाला में शामिल बच्चों में आराध्या, आदित्य, भावना, अवनी, तमन्ना, अनुष्का सौदाई, पिंकी, स्वाति, आकाश एवं सूरज सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।










