भक्त प्रह्लाद की रक्षा का संदेश देकर गूंजा मां जगदंबा धाम, नरसिंह अवतार की महिमा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु



हरिद्वार,(कमल शर्मा)भूपतवाला स्थित रानी गली के मां जगदंबा धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भगवान श्रीहरि के नरसिंह अवतार की महिमा का अत्यंत भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी वर्णन किया गया। कथा में उज्जैन के नरसिंह गांव से पधारे श्रद्धालुओं सहित बड़ी संख्या में भक्तों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कथा व्यास श्री ईश्वर लाल जी रावल ने अपने ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों में बताया कि जब अत्याचारी हिरण्यकश्यप अहंकारवश स्वयं को ईश्वर मानने लगा और भक्त प्रह्लाद पर अमानवीय अत्याचार किए, तब भगवान विष्णु ने नरसिंह अवतार धारण कर अपने परम भक्त की रक्षा की तथा अधर्म का अंत कर धर्म की पुनः स्थापना की। उन्होंने कहा कि भगवान अपने सच्चे भक्तों की रक्षा के लिए किसी भी रूप में अवतरित होते हैं और सत्य तथा धर्म की सदैव विजय होती है।
कथा व्यास ने अनेक प्रेरक प्रसंगों एवं सुंदर दृष्टांतों के माध्यम से श्रद्धालुओं को बताया कि भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा, विश्वास और समर्पण ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। विपरीत परिस्थितियों में भी जो व्यक्ति धर्म और सत्य का मार्ग नहीं छोड़ता, उस पर प्रभु की विशेष कृपा बनी रहती है। उनके प्रेरणादायी प्रवचनों से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा कथा पंडाल “जय श्री नरसिंह भगवान” एवं “भक्त प्रह्लाद की जय” के जयघोष से गुंजायमान हो गया।
कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त कर विश्व शांति, मानव कल्याण तथा सभी के सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इसके उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर बाबूलाल परमार, मुन्नालाल पांडया, आनंद पांडया, अमृतलाल, रामचंद्र जी माली, श्यामलाल प्रजापति, कन्हैयालाल, माता शीला देवी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भक्तिभाव से कथा श्रवण कर अपने जीवन को धर्म, आस्था और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *