हरिद्वार (कमल शर्मा)। श्री हरमिलाप भवन, श्रवणनाथ नगर में आयोजित 119वें वार्षिक यज्ञोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को आध्यात्मिक वातावरण के साथ मानव सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। सत् श्री हरमिलाप साहिब ट्रस्ट सोसाइटी एवं हरमिलाप मिशन चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में श्रद्धालुओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर में लगभग 80 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
यज्ञोत्सव की शुरुआत प्रातःकालीन योग साधना से हुई। इसके बाद श्री रामायण जी एवं श्री गुरुगाथा जी के पाठ का भोग लगाकर पुनः पाठ आरंभ किया गया। दिनभर भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। प्रातः 10 बजे रक्तदान शिविर का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए हरमिलाप मिशन चिकित्सालय के प्रमुख डॉ रजत कुमार सैनी के निर्देशन में चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, लैब टेक्नीशियनों, परामर्शदाताओं, इंटर्न एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच, परामर्श और रक्त संग्रहण की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराईं।

यज्ञोत्सव के दौरान सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री अश्विनी ग्रोवर (लुधियाना) ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सायंकाल श्री हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के बाद श्री महावीर शर्मा द्वारा आयोजित भजन संध्या में श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।

इस अवसर पर बोलते हुए श्री हर मिलाप मिशन के परमाध्यक्ष श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हरमिलापी जी महाराज ने कहा कि यज्ञोत्सव का उद्देश्य केवल आध्यात्मिक जागरण ही नहीं, बल्कि समाज सेवा, मानव कल्याण और रक्तदान जैसे महापुण्य कार्यों के माध्यम से लोगों को जनसेवा के लिए प्रेरित करना भी है। रक्तदान शिविर में मिले उत्साहजनक सहयोग को समाज में सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया गया।





