हरिद्वार(कमल शर्मा)जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमे को लेकर शनिवार को रानीपुर कोतवाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राणा महेश प्रताप सिंह पर दर्ज मुकदमे को निराधार बताते हुए बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि उत्पीड़न की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर राणा महेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में जबरन स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं और इसका विरोध करने वालों की आवाज दबाने के लिए फर्जी मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की लड़ाई को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता। यदि सरकार और प्रशासन ने इस मामले में न्याय नहीं किया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगी।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सलाहकार प्रियव्रत ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज उठाना अपराध नहीं है। शांतिपूर्ण विरोध करने वालों पर मुकदमे दर्ज करना सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय के खिलाफ हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने सरकार से फर्जी मुकदमे तत्काल वापस लेने तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष आगे भी लगातार जारी रहेगा।
स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का कोतवाली घेराव, फर्जी मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन





