शहीद स्मारक के ऐतिहासिक वटवृक्ष तले योग शिविर में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की वीरगति दिवस पर दी गई श्रद्धांजलि, योगाचार्या सरिता बर्थवाल सम्मानित
हरिद्वार(कमल शर्मा)। शहीद स्मारक स्थल स्थित ऐतिहासिक वटवृक्ष के नीचे आर्य समाज नंद विहार द्वारा आयोजित योग शिविर के आठवें दिन बृहस्पतिवार को योगाचार्या श्रीमती सरिता बर्थवाल (कार्यकारिणी सदस्य, आर्य समाज नंद विहार) एवं योगाचार्य श्री राम कुमार जी ने उपस्थित साधकों को योगासन, व्यायाम, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।

शिविर में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ राष्ट्रभक्ति एवं संस्कारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के वीरगति दिवस पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, मातृभूमि के प्रति समर्पण और बलिदान को स्मरण किया गया। उपस्थित लोगों ने वीरांगना लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष नीरज सैनी एवं महिला सदस्यों द्वारा योगाचार्या सरिता बर्थवाल को ओ३म अंकित अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
आर्य समाज नंद विहार के प्रधान हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि, “योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है, वहीं वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई का जीवन हमें राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा देता है। स्वस्थ, संस्कारित और राष्ट्रभक्त समाज के निर्माण के लिए योग और देशभक्ति दोनों का समन्वय आवश्यक है।”
योगाभ्यास शिविर में युक्ति, चारू, श्रेया, सविता, सृष्टि सैनी, योगाचार्या सोनिका विश्वकर्मा, ललिता जी, प्रमोद धीमान, लक्ष्मी चंद, सुभाष सैनी, प्रणव, शारदा, संगीता, अदिति, नीतू जी, गुड़िया, वैदिका, बबीता, प्रिया, निशा, यशपाल सैनी, संजय त्यागी, नीरज चौहान, दिवेश जी सहित अनेक साधकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
शिविर के समापन पर सभी ने नियमित योग करने तथा राष्ट्र के महान वीरों और वीरांगनाओं के आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया।




