मोदी सरकार के 12 साल झूठ का पुलिंदा, युवा-बेरोजगार और किसान परेशान: आलोक शर्मा

हरिद्वार (कमल शर्मा)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “झूठ का पुलिंदा” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है, जनता महंगाई के बोझ तले दबी हुई है, पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद भाजपा सरकार अपने कार्यकाल को विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष बताकर प्रचार कर रही है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश पर कर्ज कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था को कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में सौंप दिया गया है और सार्वजनिक संस्थानों को औने-पौने दामों में निजी हाथों में बेचा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के दावे भी पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि प्रदेश में पलायन रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए और उसके क्या परिणाम सामने आए।
विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन लगातार भारतीय सीमा पर दबाव बना रहा है और सरकार इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब देने से बच रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिका और अन्य देशों के सामने सरकार कमजोर नजर आ रही है।
आलोक शर्मा ने रोजगार, शिक्षा और पेपर लीक के मामलों को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने और कौशल विकास के क्षेत्र में भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई है।
महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार नारी सशक्तीकरण की बात तो करती है, लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि देश केवल धार्मिक और सांप्रदायिक मुद्दों से नहीं चलता, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था, सामाजिक समरसता, बेहतर शिक्षा और प्रभावी विदेश नीति से आगे बढ़ता है।
राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद पर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल खड़े किए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, राजबीर चौहान, रवीश भाटिया, मनोज जाटव, समर्थ अग्रवाल, मोहन राणा, सार्थक ठाकुर, सागर बेनीवाल एवं विशाल प्रधान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *