रुड़की(कमल शर्मा)14 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग कार्यक्रम के पांचवें दिन की सफल पूर्णाहुति के पश्चात आर्य समाज नंद विहार द्वारा श्री नीरज सैनी के निवास पर साप्ताहिक वैदिक यज्ञ का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यज्ञ का संचालन एवं मार्गदर्शन आर्य समाज नंद विहार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी तथा कुमारी तोषी, आर्या कन्या गुरुकुल चोटीपुरा के निर्देशन में किया गया।
यज्ञ में कु. श्रेया सैनी, कु. अदिति (आर्या कन्या गुरुकुल चोटीपुरा) एवं उत्कर्ष सैनी यजमान रहे। वैदिक मंत्रोच्चार एवं आहुतियों के मध्य उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्र, समाज तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर श्री दीपचंद सैनी, एडवोकेट अनुज सैनी, उदित त्यागी, सुखबीर आर्य, पुष्पेंद्र आर्य, दीपा सैनी, मोना सैनी, श्रीमती सुदेश सैनी, प्रियंका आर्या सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं बच्चों ने सहभागिता कर वैदिक संस्कृति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
यज्ञ में पिछले पांच दिनों से योग प्रशिक्षण दे रहे योगाचार्य राम कुमार चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं योग कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अंकित सैनी, प्रशिक्षित योगाचार्य, पूर्व जिला कार्यवाह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं असिस्टेंट प्रोफेसर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय ने भी यज्ञ में भाग लेकर वैदिक परंपराओं और योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि योग और यज्ञ भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने युवाओं एवं बच्चों को वैदिक संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ, भजन एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने ऐसे आयोजनों को समाज में नैतिक मूल्यों, स्वास्थ्य जागरूकता और सांस्कृतिक चेतना के संवर्धन के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
योग, यज्ञ और संस्कारों का संगम: आर्य समाज नंद विहार के साप्ताहिक यज्ञ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब




