काव्य संकलन ‘मीत के अनोखे रंग’ का विमोचनधैर्य, समर्पण व अनुभव से होता है सार्थक सृजन- आदेश चौहान

हरिद्वार(कमल शर्मा) 6 जून, 2026″एक कवि, लेखक अथवा साहित्यकार को अपना साहित्यिक सृजन करने के लिये बहुत अधिक धैर्य, समर्पण व अनुभव की आवश्यकता होती है, तभी वह किसी ऐसी सार्थक कृति का सृजन कर पाता है, जिसे समाज भी कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता है।”
      उक्त विचार रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कवि
अमित कुमार गुप्ता ‘मीत’ के प्रथम काव्य संकलन‌ ‘मीत के अनोखे रंग’ का विमोचन करते हुए व्यक्त किये। साथ ही उन्होंने इसी पुस्तक से एक काव्य रचना ‘हसरतें कोशिशें से पूरी होती हैं, हसरतें न हो तो जिंदगी अधूरी होती है’ का सस्वर पाठ भी किया। साहित्यकार अरुण कुमार पाठक ने इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि- “कविता हमेशा सरल, सहज व समझ में आने वाली होनी चाहिये। यदि ऐसा होता है, तो प्रत्येक पाठक और श्रोता स्वयं को उस कविता से जुड़ा हुआ महसूस करता है।
      देर रात तक चले इस कार्यक्रम का आयोजन
विद्या विहार एकेडमी, ज्वालापुर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ० विजयेन्द्र पालीवाल ने की, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन कार्यक्रम संयोजक, चेतना पथ सम्पादक, गीतकार अरुण कुमार पाठक व कवियित्री कंचन प्रभा गौतम ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डा० ऋचा गर्ग ने किया। वयोवृद्ध कवि तथा काव्यछंद विधा विशेषज्ञ पं. ज्वाला प्रसाद शांडिल्य ‘दिव्य’, नवल विभा प्रकाशन से कवि शशिरंजन ‘समदर्शी’, डा० अजय पाठक आदि ने अपनी शुभकामनाएँ दीं।
      कार्यक्रम का आरम्भ माँ सरस्वती के सम्मुख अतिथियों द्वारा दीप‌प्रज्जवलन, पुष्पमाला, पुष्पार्पण तथा गणेश वंदना पर पूर्वी व अवनी द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ। इसके उपरान्त अमित कुमार ‘मीत’, राजकुमारी राजेश्वरी, भूदत्त शर्मा, अभिनन्दन ‘अभि रसमय’, अधिवक्ता ललित मिगलानी, शान्वी, गर्वित और धान्वी ने काव्य संकलन ‘मीत के अनोखे रंग’ से चयनित कविताओं का पाठ किया। इस अवसर पर ‘नवल विभा प्रकाशन’ की ओर से कवि अमित कुमार ‘मीत’ को सम्मान पत्र भेंट किया गया। मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ कार्यक्रम के आयोजन में‌ प्रमुख भूमिका निभाने वाले सहयोगियों को अंग वस्त्र, माला व स्मृति चिन्हों से सम्मानित किया गया।
      कार्यक्रम में नगर के अनेक साहित्यकार, कवि, लेखक तथा शिक्षाविद् की उपस्थिति रही। सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, पवन कुमार गर्ग, वृंदा ‘वाणी’, सुमन गुप्ता, देवेन्द्र मिश्र, सन्तोष साहू, डा० मीरा भारद्वाज, डा० नीता नय्यर ‘निष्ठा’, राकेश मालवीय, सोनेश्वर कुमार ‘सोना’, आशा साहनी, दीपक पंवार, विभा चौधरी, साधुराम ‘पल्लव’ आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *