हरिद्वार। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर कनखल स्थित सूरत गिरी बंगला आश्रम में भव्य सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। 25 मई 2026 को आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन के दौरान भक्तजन गंगा मैया की महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति रस में सराबोर होंगे।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक भरत भाई हरियाणी अपनी मधुर वाणी से भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। उनके साथ वैकुंठ गिरी तबले पर, प्रफुल भाई हरियाणी बेंजो पर तथा चिराग भाई जोशी कीबोर्ड पर संगत कर माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।
कार्यक्रम के यजमान दिलीप भाई जोशी (राजुला, गुजरात) हैं। आयोजकों ने बताया कि गंगा दशहरा सनातन धर्म का अत्यंत पुण्यदायी पर्व है। इस दिन मां गंगा की आराधना, सुंदरकांड पाठ और भजन-कीर्तन से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गंगा मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने और भक्ति संध्या का आनंद लेने की अपील की है।
गंगा दशहरा पर कनखल में गूंजेगा भक्ति रस, सुंदरकांड और भजन संध्या में उमड़ेगी श्रद्धा की गंगा




