कैरियरशाला की ओर से हुआ, स्कूल के बाद करियर संवाद” आयोजन


हरिद्वार/ रूड़की। विद्यार्थियों को उनके करियर विकल्पों और उच्च शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से कार्यरत संस्था Careershala द्वारा आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुड़की में “After School करियर संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह विशेष सेशन कक्षा 12 पूरी कर चुके विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, ताकि वे अपने भविष्य से जुड़े निर्णय सही जानकारी और आत्मविश्वास के साथ ले सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बारहवीं के बाद उपलब्ध विभिन्न कोर्स, कॉलेज एवं संस्थान चयन, स्किल आधारित शिक्षा और करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार सही निर्णय लेने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
सेशन में विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप एवं आर्थिक सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताओं में “करियर कार्ड्स” विशेष आकर्षण रहे, जिनमें फैशन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, पैरामेडिकल, आईटी सहित आठ विभिन्न सेक्टर्स से संबंधित जानकारी दी गई। इन कार्ड्स में स्थानीय कॉलेजों, कोर्स, फीस, पात्रता एवं अवधि से जुड़ी उपयोगी जानकारियां शामिल थीं।
सेशन के दौरान विद्यार्थियों के सामान्य लेकिन महत्वपूर्ण सवालों पर भी चर्चा की गई, जैसे — “बारहवीं के बाद क्या करें?”, “डिग्री करें या डिप्लोमा?”, “कौन सा कॉलेज या स्किल इंस्टीट्यूट चुनें?” तथा “स्कॉलरशिप कहां मिलेगी और आवेदन कैसे करें?”। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन Careershala टीम के प्रोग्राम मैनेजर ज़ीशान ग़ज़ाली और सिमरन सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम कटियार एवं करियरशाला शिक्षिका ज्योति भी उपस्थित रहीं। उनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में Careershala की ओर से संदेश दिया गया कि —
“सही चुनाव ही सफलता की पहली सीढ़ी है।”
संस्था ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे उपलब्ध अवसरों का सही उपयोग करें और अपने भविष्य के लिए सोच-समझकर निर्णय लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *