एशियन खिलाड़ी ऋतिका नेगी का स्वर्णिम जलवा, हरिद्वार जनपद ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन

कमल शर्मा, रुड़की, 10 मई।
हरिद्वार जनपद की प्रथम हरिद्वार जनपद ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 का बी.ई.जी. एवं सेंटर स्थित फैसिंग हॉल पैवेलियन ग्राउंड, रुड़की में शानदार एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। दो दिवसीय इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न क्लबों एवं अकादमियों से आए 110 से अधिक खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में सुपर किड्स, सब जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर वर्गों के खिलाड़ियों ने क्योरुगी, पूमसे एवं स्पीड किकिंग स्पर्धाओं में अपने हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप का सबसे प्रेरणादायक क्षण उस समय देखने को मिला जब एशियाई स्तर पर हरिद्वार का प्रतिनिधित्व कर चुकी प्रतिभाशाली खिलाड़ी ऋतिका नेगी ने पूमसे स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि ने युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और जोश का संचार किया। वहीं सुपर किड्स वर्ग में शिवाक्षी नौटियाल ने स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि हरिद्वार की नई पीढ़ी में चैंपियन बनने का जज्बा कूट-कूटकर भरा हुआ है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वन रेंजर श्री शैलेन्द्र नेगी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा, कि “आज हरिद्वार जनपद के खिलाड़ियों में जो आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना देखने को मिली, वह निश्चित रूप से भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेगी। खेल युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और राष्ट्र के प्रति समर्पित बनाते हैं।”
आचार्य पीठाधीश्वर महानिर्वाणी अखाड़ा श्री विशोकानंद जी महाराज ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा, कि
“खेल केवल शारीरिक शक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, संस्कार और आत्मविश्वास का भी प्रतीक हैं। हरिद्वार की युवा प्रतिभाएं जिस समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ रही हैं, वह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। मुझे विश्वास है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाएंगे।”
एसोसिएशन के सचिव श्री राजेन्द्र नौटियाल ने कहा,
“हरिद्वार जनपद ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनपद में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने का अभियान है। एशियन खिलाड़ी ऋतिका नेगी जैसी प्रतिभाएं हमारे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में हरिद्वार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।”
कोषाध्यक्ष श्री जैनेन्द्र कुमार ने कहा, कि “खिलाड़ियों का उत्साह और अभिभावकों का सहयोग इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत रहा। हरिद्वार में ताइक्वांडो का भविष्य बेहद उज्ज्वल दिखाई दे रहा है और एसोसिएशन खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।”
संयुक्त सचिव श्री गौरव सिंह ने कहा, की “इस प्रतियोगिता ने साबित कर दिया कि हरिद्वार जनपद में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलते रहें तो आने वाले वर्षों में यहां से कई राष्ट्रीय खिलाड़ी निकलेंगे।”
उपाध्यक्ष श्री सुमित ने कहा, कि “ताइक्वांडो केवल खेल नहीं बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास का माध्यम भी है। युवाओं का बढ़ता रुझान बेहद सकारात्मक संकेत है।”
राउंड मास्टर आनन्द कृष्ण यादव ने खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता की सराहना करते हुए कहा,
“इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने जिस तकनीकी दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन किया, वह राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहद उत्साहजनक है।”
उन्होंने आगे बताया कि इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ी आगामी उत्तराखण्ड राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हरिद्वार जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव श्री राजेन्द्र नौटियाल, कोषाध्यक्ष श्री जैनेन्द्र कुमार, संयुक्त सचिव श्री गौरव सिंह, उपाध्यक्ष श्री सुमित, श्री गगन भण्डारी, सदस्य श्री संजीव चौधरी, श्री अभिषेक यादव तथा राउंड मास्टर आनन्द कृष्ण यादव उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में पूजा चौहान, मोनिका पोद्वार एवं साध्या रानी का विशेष योगदान रहा, जिसकी सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
हरिद्वार जनपद ताइक्वांडो एवं पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन ने बी.ई.जी. एवं सेंटर रुड़की तथा स्वामी राम प्रकाश चैरिटेबल हॉस्पिटल एवं स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन, हरिद्वार का विशेष आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता का सफल आयोजन हरिद्वार जनपद में ताइक्वांडो के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *