शिवालिक नगर। नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर द्वारा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए वार्ड संख्या-7 स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी में गली संख्या A-13 एवं A-16 की आंतरिक सड़कों, मंदाकिनी विहार तथा बीना एन्क्लेव की सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया। इन विकास कार्यों का लोकार्पण नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजीव शर्मा द्वारा विधिवत किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अध्यक्ष एवं टीम का आभार जताया।
इस अवसर पर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि नई सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा, साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य के साथ निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आदर्श नगर के रूप में विकसित करना नगर पालिका परिषद का प्रमुख लक्ष्य है। सड़क निर्माण के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, हरित क्षेत्र विकास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी योजनाबद्ध ढंग से सुदृढ़ किया जा रहा है।
अध्यक्ष ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और जहां भी विकास कार्यों की आवश्यकता होगी, वहां शीघ्र योजनाएं बनाकर कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग एवं सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि जनता की सहभागिता से ही विकास कार्य और अधिक प्रभावी बन सकते हैं।
कार्यक्रम में सभासद अमरदीप सिंह, मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, पंकज चौहान, देव विख्यात भाटी, प्रमोद डोभाल, अजय मलिक, वेदांत चौहान, गौरव गुर्जर, गजेंद्र सिंह, प्रणय चौरसिया, सुलेचना, कार्तिक, चेतन बिष्ट, विवेक, महिपाल सिंह, पी.सी. यादव, सुभाष, विजय गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
शिवालिक नगर में विकास की रफ्तार तेज: नई सड़कों का लोकार्पण, नागरिकों को मिली बड़ी सौगात



