वेद मंत्रों की गूंज के साथ मनेगा आर्य समाज मतलबपुर का 54वाँ वार्षिकोत्सव

रुड़की। आर्य समाज मतलबपुर द्वारा 2 एवं 3 मई 2026 को आयोजित होने जा रहे 54वें वार्षिकोत्सव को लेकर क्षेत्र में धार्मिक एवं वैदिक वातावरण बन गया है। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में वैदिक संस्कृति, राष्ट्र उत्थान, नारी जागरण एवं समाज सुधार जैसे विषयों पर विशेष प्रवचन, भजन एवं यज्ञ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में बिजनौर से सुप्रसिद्ध वैदिक विद्वान आचार्य विष्णु मित्र वेदार्थी तथा गंगोह सहारनपुर से प्रख्यात भजनोपदेशिका पंडिता संगीता आर्या मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। दोनों विद्वान अपने ओजस्वी विचारों एवं वैदिक भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे।शनिवार 2 मई को प्रातः 7 बजे देवयज्ञ (हवन), भजन एवं वेद प्रवचन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद राष्ट्र उत्थान विषयक प्रवचन एवं भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। रात्रि में विशेष भजन संध्या का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं रविवार 3 मई को देवयज्ञ, नारी जागरण कार्यक्रम एवं वैदिक प्रवचन आयोजित होंगे। दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोज एवं ऋषि लंगर की व्यवस्था भी की गई है।

आर्य जिला प्रतिनिधि श्री सोमपाल आर्य ने कहा कि “आर्य समाज सदैव वेदों के प्रचार-प्रसार, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अग्रणी रहा है। मतलबपुर का यह वार्षिकोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों और वैदिक विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर धर्म लाभ लेने एवं वैदिक संस्कृति को मजबूत करने का आह्वान किया।”

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संरक्षक टीकराम आर्य, पवन कुमार आर्य, प्रधान मुकेश कुमार आर्य, मंत्री सुरेन्द्र कुमार आर्य, हरपाल सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *