बहादराबाद में स्कूल की पोल खुली: निरीक्षण में गंदगी, अव्यवस्था और मिड-डे मील पर सवाल, सीईओ सख्त

हरिद्वार। मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) केके गुप्ता ने सिडकुल क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय प्रथम आन्नेकी रोशनाबाद का औचक निरीक्षण किया, जिसमें विद्यालय की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई। निरीक्षण के दौरान स्कूल में गंदगी, पेयजल की कमी और कक्षाओं में अव्यवस्था जैसी कई खामियां पाई गईं, जिस पर सीईओ ने कड़ी नाराजगी जताई।


सीईओ ने मौके पर ही खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय की जिम्मेदारी किसी अन्य शिक्षक को सौंपी जाए और पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने बच्चों से सीधे बातचीत कर स्कूल की व्यवस्थाओं और मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए। साथ ही बच्चों को स्वच्छता और दैनिक जीवन की अच्छी आदतों—जैसे सुबह जल्दी उठना, दांत साफ रखना और साफ-सुथरा रहना—के प्रति जागरूक किया। भोजन माताओं को भी गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील बनाने के निर्देश दिए गए।


वहीं, प्रधानाध्यापिका रीति चौहान ने स्कूल पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा गलत सूचनाएं प्रसारित कर विद्यालय को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में एक छात्र के टीसी में आधार आईडी को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते कुछ ग्रामीणों ने हंगामा किया था। हालांकि बाद में स्थिति को ठीक कर लिया गया।


सूत्रों के अनुसार, विद्यालय में पूर्व में भी सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ। इसे लेकर सीईओ की नाराजगी और भी बढ़ गई है।
खास बात:
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि प्रधानाध्यापिका के खिलाफ पहले कार्रवाई हुई थी, लेकिन बाद में प्रभाव के चलते बहाली हो गई। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि प्रशासनिक सख्ती के बाद स्कूल की व्यवस्था कितनी जल्दी पटरी पर लौटती है।

रिपोर्ट-मिली सूचना के आधार पर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *