25 मार्च को राजकीय आईटीआई जगजीतपुर में रोजगार मेला, आईटीआई पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर

कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। जनपद के आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक युवाओं के लिए रोजगार पाने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। आगामी 25 मार्च को राजकीय आईटीआई, जगजीतपुर परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि मेले में सिडकुल हरिद्वार की प्रतिष्ठित कंपनी किरबी बिल्डिंग सिस्टम द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा। कंपनी की ओर से विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में डिप्लोमा मैकेनिकल एवं आईटीआई ट्रेड जैसे फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मिग वेल्डर, लाइनमैन, पेंटर आदि पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। कुल मिलाकर लगभग 100 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने सभी शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाण पत्रों के साथ 25 मार्च को प्रातः 10 बजे राजकीय आईटीआई, जगजीतपुर परिसर में उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया में भाग लें।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए कोई यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। साथ ही, इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
युवाओं के लिए अवसर:
रोजगार की तलाश कर रहे प्रशिक्षित युवाओं के लिए यह मेला अपने कौशल के अनुसार नौकरी पाने का सुनहरा मौका है। ऐसे में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *