हरिद्वार। प्रेस क्लब हरिद्वार के बहुप्रतीक्षित वार्षिक चुनाव की औपचारिक घोषणा के साथ ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग के नेतृत्व में तीन सदस्यीय चुनाव आयोग ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया, जिसके बाद पूरे प्रेस क्लब परिसर में चुनावी माहौल सक्रिय हो उठा।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रदीप गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके साथ सहायक चुनाव अधिकारी के रूप में मनोज कुमार सोही और लव शर्मा चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करेंगे। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय निगरानी समिति का भी गठन किया गया है, जिसमें वरिष्ठ सदस्य गुलशन नैयर, डॉ. प्रदीप जोशी और परमजीत सिंह राना को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने मुख्य चुनाव अधिकारी को अधिकृत मतदाता सूची सौंप दी। इसके पश्चात मतदाता सूची का प्रकाशन करते हुए उसे प्रेस क्लब के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है, जिससे सभी सदस्य अपनी जानकारी का अवलोकन कर सकें।
गौरतलब है कि प्रेस क्लब के संविधान के अनुसार 31 मार्च तक वार्षिक चुनाव संपन्न कराना अनिवार्य है। इस वर्ष कुल 120 अधिकृत सदस्य मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे, जिससे क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन होगा।
चुनाव आयोग के कार्यभार संभालते ही प्रेस क्लब में संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ गई है और सदस्यों के बीच चर्चा का दौर तेज हो चला है। आगामी दिनों में नामांकन और प्रचार के साथ यह चुनावी माहौल और भी रोचक होने की संभावना है।
प्रेस क्लब हरिद्वार चुनाव का बजा बिगुल, 120 सदस्य करेंगे मतदान
