मातृ सदन आश्रम में दिनदहाड़े घुसपैठ से हड़कंप, साध्वी पद्मावती के कक्ष में पहुंचा अज्ञात व्यक्ति; संतों ने बताया गहरी साजिश

कमल शर्मा (हरिहर समाचार)

अनशन के संवेदनशील माहौल के बीच हुई घटना, आश्रम ने खनन व भू-माफिया पर जताई आशंका; पकड़ा गया संदिग्ध पुलिस को सौंपा

हरिद्वार, 16 मार्च। कनखल स्थित मातृ सदन आश्रम में सोमवार शाम एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक अज्ञात व्यक्ति दिनदहाड़े आश्रम परिसर में घुसकर साध्वी पद्मावती के कक्ष तक पहुंच गया। घटना के बाद आश्रम परिसर में हड़कंप मच गया। आश्रम के लोगों ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
मातृ सदन आश्रम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को सायं लगभग 4:45 बजे से 5:15 बजे के बीच यह घटना हुई। बताया गया कि उस समय त्रयोदशी/प्रदोष के अवसर पर परम पूज्य गुरुदेव पूरे दिन ध्यान-साधना में लीन थे। वहीं आश्रम के संत ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद जिला जज नरेंद्र दत्त के खिलाफ आश्रम परिसर में अनशन पर बैठे हुए हैं और ब्रह्मचारी सुधानंद किसी आवश्यक कार्य से शहर से बाहर गए हुए थे।
इसी स्थिति का लाभ उठाते हुए एक अज्ञात व्यक्ति आश्रम परिसर में घुस आया और सीधे साध्वी पद्मावती के कक्ष का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंच गया। वह साध्वी के सिरहाने जाकर खड़ा हो गया। बताया गया कि साध्वी पद्मावती स्वयं चलने-फिरने में असमर्थ हैं और अपनी शारीरिक स्थिति के कारण स्वयं का बचाव करने में सक्षम नहीं हैं।
आश्रम के अनुसार जब साध्वी पद्मावती को अपने कक्ष में किसी अनचाहे व्यक्ति की उपस्थिति का आभास हुआ तो उन्होंने तुरंत आंख खोलकर उसे देखा और जोर-जोर से चिल्लाकर सहायता के लिए पुकारा। उनकी आवाज सुनते ही आश्रम के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को साध्वी के कक्ष से बाहर निकलते हुए देखा।
इसके बाद आश्रम में तैनात सुरक्षा कर्मी और अन्य लोगों ने मिलकर उस व्यक्ति को पकड़ लिया और उसे जगजीतपुर पुलिस चौकी को सौंप दिया।
मातृ सदन आश्रम ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए इसे किसी बड़ी साजिश का हिस्सा बताया है। आश्रम का कहना है कि वर्तमान में आश्रम द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों के कारण खनन माफिया, भू-माफिया, क्रशर माफिया तथा कुछ भ्रष्ट प्रशासनिक तत्व प्रभावित हो रहे हैं, जिनकी ओर से इस प्रकार की घटना कर आश्रम को बदनाम करने या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की जा सकती है।
आश्रम प्रशासन ने यह भी आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक न तो प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी और न ही पुलिस का कोई उच्च अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचा है, जो प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।
मातृ सदन आश्रम ने थाना कनखल में तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए पकड़े गए व्यक्ति से कड़ी पूछताछ कर इस घटना के पीछे छिपे षड्यंत्र और उसके सूत्रधारों का खुलासा करने की मांग की है।
साथ ही जिलाधिकारी हरिद्वार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की गई है। आश्रम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *