श्री हर मिलाप वैष्णो देवी मंदिर का 53वां वार्षिक महोत्सव 31 मार्च से 1 अप्रैल तक, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे के साथ होगा भव्य आयोजन
हरिद्वार।
न्यू शिवपुरी स्थित श्री हर मिलाप वैष्णो देवी मंदिर का 53वां वार्षिक महोत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ 31 मार्च से 1 अप्रैल तक मनाया जाएगा। यह आयोजन श्री हर मिलाप मिशन के परमाध्यक्ष श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हर मिलाप जी महाराज की अध्यक्षता में संपन्न होगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मिशन के प्रचारक प्रवीण सेठी ने बताया कि महोत्सव के तहत 31 मार्च मंगलवार की सुबह गुरु गाथा का पाठ किया जाएगा। इसके पश्चात संतों के सान्निध्य में सत्संग, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत 31 मार्च की शाम को दिल्ली से आए लोकप्रिय भजन गायक मनीष चौहान (मौज फकीरा दी) तथा दीपेश सुनेजा गुरु भक्ति और राधा रानी के मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
वहीं 1 अप्रैल बुधवार की सुबह गुरु गाथा के पाठ का भोग डाला जाएगा। इसके उपरांत हापुड़, मेरठ, दिल्ली, स्याना, अंबाला और करनाल से आई संकीर्तन मंडलियों द्वारा भव्य संकीर्तन एवं संतों का सत्संग आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रवीण सेठी ने बताया कि मंदिर के इस वार्षिकोत्सव में दिल्ली, मेरठ, पानीपत, अंबाला, खुर्जा, स्याना, बुलंदशहर सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में संगत के पहुंचने की संभावना है। इस अवसर पर अंबाला से श्री श्री 108 गीता बहन जी महाराज तथा पानीपत से श्री श्री 108 कांता बहन जी महाराज सहित अनेक साधु-संतों का भी आशीर्वाद प्राप्त होगा।
मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में पहुंचकर गुरु भक्ति, सत्संग और संकीर्तन का लाभ लेने की अपील की है।
श्री हर मिलाप वैष्णो देवी मंदिर का 53वां वार्षिक महोत्सव 31 मार्च से 1 अप्रैल तक, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे के साथ होगा भव्य आयोजन



