हरिद्वार(कमल शर्मा)16 अगस्त। भाईचारे, शांति और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला 116वां श्री मुलतान जोत महोत्सव आगामी 23 अगस्त को हरिद्वार में धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर अखिल भारतीय मुल्तान युवा संगठन की ओर से तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकारवार्ता में संगठन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डा. महेन्द्र नागपाल ने बताया कि इस भव्य आयोजन में असम के पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, भाजपा के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, संजय तलवार, टीवी एवं पुष्पा फिल्म के कलाकार अमर वाल्मीकि तथा धुरंधर फिल्म के कलाकार शेख रईस करीम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
1911 में भक्त रूपचंद ने शुरू की थी परंपरा
डा. नागपाल ने बताया कि वर्ष 1911 में भक्त रूपचंद समाज में भाईचारे, शांति और सद्भाव की कामना लेकर मुलतान से पदयात्रा करते हुए हरिद्वार पहुंचे थे। मुलतान, जो भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद पाकिस्तान का हिस्सा बन गया, से हरिद्वार पहुंचकर भक्त रूपचंद ने सबसे पहले मां गंगा को जोत अर्पित की थी। तभी से यह धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा निरंतर चली आ रही है।
भक्त रूपचंद द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देशभर में रहने वाला मुल्तानी समाज कांवड़ यात्रा के समापन के बाद हरिद्वार पहुंचता है और मां गंगा को श्रद्धापूर्वक जोत अर्पित करता है।
हजारों श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर होंगे एकत्र
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी 23 अगस्त को हजारों श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचेंगे, जहां मां गंगा के समक्ष जोत अर्पित करने के साथ दूध की होली खेली जाएगी। महोत्सव के दौरान भव्य शोभायात्रा, सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुल्तान जोत महोत्सव के माध्यम से जहां सनातन परंपराओं और आस्था को जीवंत रखा जाता है, वहीं यह आयोजन भाईचारे, शांति, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक बन चुका है।
पत्रकारवार्ता में संगठन के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र आहूजा, कोषाध्यक्ष सतपाल अरोड़ा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
116वां श्री मुलतान जोत महोत्सव 23 अगस्त को, हरकी पैड़ी पर गंगा को अर्पित होगी जोत











