चतुर्वेद परायण वृहद यज्ञ में गूंजे वैदिक मंत्र, सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प हुआ मजबूत : यशवीर सिंह आर्य


मोहम्मदपुर झाल पावर हाउस में चतुर्वेद परायण वृहद यज्ञ का नौवां दिवस श्रद्धा और वैदिक वातावरण के बीच संपन्न


हरिद्वार।(कमल शर्मा)मोहम्मदपुर झाल पावर हाउस स्थित यज्ञ वेदी पर 15 जून से प्रारंभ हुए चतुर्वेद परायण वृहद यज्ञ के नौवें दिवस का आयोजन बुधवार को अत्यंत श्रद्धा एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। वेदपाठी पंडित मदन आर्य एवं अरुण कुमार आर्य के सान्निध्य और मार्गदर्शन में कन्या गुरुकुल चोटीपुरा, अमरोहा की कु. तोषी आर्या, कु. श्रेया सैनी एवं कु. अदिति आर्या ने यजमान के रूप में वैदिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर यज्ञ को सफल बनाया।


चतुर्वेद परायण वृहद यज्ञ के मुख्य आयोजक मा. यशवीर सिंह आर्य, चौधरी जगपाल सिंह आर्य एवं ओमपाल आर्य ने कहा कि वैदिक संस्कृति और ऋषि परंपरा को जीवंत बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों का निरंतर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में शुद्ध विचार, सद्भाव और मानव कल्याण का संदेश देने का माध्यम है। नई पीढ़ी को वेदों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना समय की आवश्यकता है।


प्रधान आर्य जिला सभा हरिद्वार आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि वेद विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं। यज्ञ और वेद प्रचार के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का संवर्धन होता है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज सदैव शिक्षा, संस्कार और समाज सुधार के कार्यों के लिए समर्पित रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान उत्तराखंड स्वामी ओमानन्द जी, श्री मनपाल राठी, प्रधान आर्य जिला सभा हरिद्वार आर्य हरपाल सिंह सैनी, आर्य समाज नंद विहार के मंत्री पुष्पेंद्र आर्य, नारसन से आनंद स्वरूप जी, अजय जी, लिब्बरहेड़ी से विनोद राठी, बसवा खेड़ी से अंशुल लोहान एवं कुंवरपाल आर्य, झबरेड़ा से सुभाष जी, कुआहेड़ी से राकेश त्यागी, नसीरपुर से नरेंद्र जी तथा मोहम्मदपुर जट से ब्रह्मचारी गौतम शास्त्री सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ की दिव्य आहुतियों से संपूर्ण वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा तथा उपस्थित श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण एवं मानव मात्र के सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *