आमने-सामने टकराए दो CNG वाहन, फायर यूनिट लक्सर ने दिखाई तत्परता; फंसे चालक को सकुशल निकाला

🔥
लक्सर/हरिद्वार, 04 फरवरी 2026।
जनपद हरिद्वार कमल शर्मा/लक्सर क्षेत्र में आज एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जब ब्राह्मणवाला पुलिया, थाना खानपुर क्षेत्र में दो सीएनजी से भरे वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक वाहन के भीतर बुरी तरह फंस गया।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन लक्सर की टीम प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री कुंवर सिंह राणा के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर स्थिति गंभीर थी, क्योंकि दोनों वाहन सीएनजी से भरे होने के कारण विस्फोट का खतरा बना हुआ था।
फायर यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद वाहन की खिड़की व लोहे के हिस्सों को आयरन कटर से काटकर अंदर फंसे चालक को सकुशल बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से घायल चालक को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर भिजवाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते राहत कार्य नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और सीएनजी वाहनों में विस्फोट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को हाइड्रा की मदद से सड़क किनारे सुरक्षित स्थिति में खड़ा कर दिया गया। मौके पर प्रभारी निरीक्षक थाना खानपुर भी मय पुलिस बल मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों एवं वाहन चालकों ने फायर यूनिट लक्सर और खानपुर पुलिस की तत्परता एवं उत्कृष्ट रिस्पांस टाइम की जमकर सराहना की। घटना में अन्य कोई जनहानि नहीं हुई है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई थाना खानपुर पुलिस द्वारा की जा रही है तथा घटना की सूचना कंट्रोल रूम रुड़की को भी दे दी गई है।
🚒 घटनास्थल पर मौजूद टीम
श्री कुंवर सिंह राणा – प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, लक्सर
चालक जसवंत सिंह राणा
फायरमैन जितेन्द्र सिंह तोमर
फायरमैन कविंद्र
फायरमैन प्रदीप रावत
फायर यूनिट लक्सर की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *