गैस संकट से जूझ रही जनता, सरकार तुरंत करे समाधान – प्रियव्रत

हरिद्वार। जनपद हरिद्वार सहित उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में रसोई गैस की आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर बहादराबाद के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रियव्रत ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनता, विशेषकर गृहिणियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रियव्रत ने कहा कि कई जगहों पर गैस सिलेंडर की बुकिंग के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों की रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को कई-कई दिनों तक गैस सिलेंडर का इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर एजेंसियों की मनमानी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस जैसी आवश्यक सुविधा में इस प्रकार की अव्यवस्था बेहद चिंताजनक है। सरकार और संबंधित विभागों को तुरंत इस समस्या का संज्ञान लेते हुए गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
प्रियव्रत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जनता के हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *