📰 हरिद्वार। जिला कारागार हरिद्वार में योग के माध्यम से सुधार और आत्मबल की अनूठी पहल ने एक वर्ष पूर्ण कर लिया। इस अवसर पर 29 मार्च 2026 को “भारतीय योग संस्थान” द्वारा संचालित योग केन्द्र के स्थापना दिवस पर भव्य वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम वरिष्ठ अधीक्षक श्रेणी-1 श्री मनोज कुमार आर्य के सान्निध्य में संपन्न हुआ। बीते एक वर्ष से योग केन्द्र के माध्यम से केन्द्र प्रमुख श्री दीन दयाल (वरिष्ठ सहायक) द्वारा लगभग 60 बंदियों को प्रतिदिन नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस सतत अभ्यास का प्रभाव बंदियों के जीवन में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है, जहां उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन आया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती मीरा रावत (आपदा प्रबंधन अधिकारी) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने योग को जीवन में अनुशासन, संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताते हुए इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधान योग शिक्षक श्री सुरेश भट्ट, योग शिक्षक श्री जय ध्यानी, श्री प्रवीण कपिल, उप कारापाल कु० श्वेता जोशी सहित योग साधिकाएं पूजा जोशी, शिल्पी, अवनी सैनी, राधा रावत, सुनीता बहुगुणा, नीरज सैनी, सुषमा और कल्पना उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि जीवन को नई दिशा देने का भी सशक्त माध्यम है—और यह पहल कारागार जैसे स्थानों में सुधार की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभर रही है।
“योग से सुधार की राह: जिला कारागार हरिद्वार में बंदियों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव”



