कनखल के अखाड़े में संत से मारपीट का आरोप, भंडारे से भी धकेला गया बाहर,पीड़ित संत ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा में रहने वाले एक संत ने कुछ लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जबरन कमरे से बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित संत मुनि ने पुलिस को दी शिकायत में पूरे घटनाक्रम का विस्तृत विवरण देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, संत इतवार मुनि श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन आश्रम में निवास करते हैं। उन्होंने बताया कि 30 मार्च को वह अपने कमरे में बैठे हुए थे, तभी अचानक 5-6 लोग वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जबरन कमरे से बाहर निकाल दिया और धमकी भी दी।
इतना ही नहीं, पीड़ित संत ने बताया कि 12 अप्रैल को भूपतवाला स्थित एक बहुचर्चित आश्रम में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। वहीं, 14 अप्रैल को भंडारे के दौरान पर्ची मिलने के बावजूद उन्हें पंगत में बैठने नहीं दिया गया और धक्का देकर बाहर कर दिया गया।
संत इतवार मुनि का कहना है कि लगातार हो रही इन घटनाओं से वह मानसिक रूप से आहत हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *