महाकुंभ 2027 में संत रविदास अखाड़े को मिले सभी सुविधाएं, मेला अधिकारी को सौंपा मांगपत्र



हरिद्वार। आगामी महाकुंभ-2027 को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय संत रविदास अखाड़ा परिषद ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अखाड़ा परिषद के प्रमुख संत श्री सदाजप महाराज ने कुंभ मेला अधिकारी, हरिद्वार को मांगपत्र सौंपकर अखाड़े को शिविर संचालन के लिए प्लॉट, बिजली, पानी, टेंट, ध्वनि प्रचार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।


संत श्री सदाजप महाराज ने कहा कि संत रविदास अखाड़ा वर्ष 1980 से हरिद्वार, उज्जैन, नासिक और प्रयागराज में आयोजित होने वाले कुंभ एवं सिंहस्थ महापर्वों में शिविर लगाकर संत समाज और श्रद्धालुओं की सेवा करता आ रहा है। ऐसे में आगामी हरिद्वार महाकुंभ में भी अखाड़े को अन्य अखाड़ों की भांति आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।


उन्होंने कहा कि 14 जनवरी 2027 से 14 अप्रैल 2027 तक चलने वाले महाकुंभ पर्व में संत रविदास अखाड़ा परिषद द्वारा व्यापक स्तर पर धार्मिक, सामाजिक एवं संत सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए समय रहते भूमि आवंटन के साथ बिजली, पेयजल, टेंट, ध्वनि प्रचार तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।


संत श्री सदाजप महाराज ने प्रशासन से मांग की कि अखाड़े की परंपरा, पूर्व में आयोजित कुंभ पर्वों में उसकी सहभागिता और संत समाज की सेवा को देखते हुए महाकुंभ-2027 में अखाड़े को विशेष सुविधाएं प्रदान की जाएं।
उन्होंने कहा कि संत रविदास अखाड़ा सनातन धर्म की सेवा, संत परंपरा के संरक्षण और समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। महाकुंभ सनातन धर्म का प्रतिनिधि पर्व है और इसमें सभी संत परंपराओं एवं अखाड़ों को सम्मानजनक सुविधाएं मिलना आवश्यक है।
अखाड़ा परिषद की ओर से मांगपत्र में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए शिविर के लिए निर्धारित भूमि एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
संत श्री सदाजप महाराज ने कहा, “हमारी मांग किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि संत रविदास अखाड़े को कुंभ की परंपरा के अनुरूप सम्मान और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की है। प्रशासन हमारी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर संत समाज की सेवा का मार्ग प्रशस्त करे।”
ज्ञात हो कि अखाड़ा परिषद की ओर से पूर्व में उज्जैन प्रशासन को भी कुंभ एवं सिंहस्थ पर्वों में सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवेदन दिया गया था। प्रशासन ने संबंधित कुंभ क्षेत्र के जिला प्रशासन से नियमानुसार संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया बताई थी।
संपर्क: संत केहर दास जी महाराज एवं संत रविदास अखाड़ा परिषद प्रमुख संत श्री सदाजप महाराज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *