देवभूमि से 2027 का शंखनाद करेंगे राहुल गांधी, अल्मोड़ा की जनसभा से फूंकेंगे चुनावी बिगुल
पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद, देहरादून में संगठन को देंगे जीत का मंत्र; प्रियव्रत बोले— उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार
देहरादून,(कमल शर्मा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष Rahul Gandhi 4 जून से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस ने उनके इस दौरे को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। कांग्रेस संगठन इसे उत्तराखंड में सत्ता परिवर्तन की दिशा में निर्णायक शुरुआत मान रहा है।
अल्मोड़ा में विशाल जनसभा, पौड़ी में सैनिकों से संवाद
दौरे के पहले दिन 4 जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा के एनटीडी मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस ने इस जनसभा में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। इसके बाद वे पौड़ी पहुंचकर रांसी स्टेडियम में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा अर्द्धसैनिक बलों के परिजनों के साथ संवाद करेंगे। अग्निवीर योजना, वन रैंक वन पेंशन (OROP) और पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन जैसे विषय प्रमुख रूप से चर्चा में रहेंगे।
देहरादून में होगी संगठन की मैराथन बैठक
5 जून को राहुल गांधी देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों तथा पार्टी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक करेंगे। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को धार देने और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति तय करने पर मंथन होगा।
‘देवभूमि से निकलेगा बदलाव का शंखनाद’ : प्रियव्रत
वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, विश्व दलित परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय सलाहकार प्रियव्रत ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड आगमन प्रदेश की जनता के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा।
उन्होंने कहा, “महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना और अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे मुद्दों पर जनता में व्यापक असंतोष है। अल्मोड़ा की ऐतिहासिक धरती से राहुल गांधी देश को संदेश देंगे कि उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार है।”
प्रियव्रत ने कहा कि पौड़ी वीरभूमि है, जहां लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना से जुड़ा रहा है। ऐसे में पूर्व सैनिकों के साथ राहुल गांधी का संवाद ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने बताया कि विश्व दलित परिषद दलित उत्पीड़न, बैकलॉग भर्तियों और भूमि अधिकार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी, जबकि किसान यूनियन न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी और जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का विषय रखेगी।
कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ganesh Godiyal, नेता प्रतिपक्ष Yashpal Arya सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता तैयारियों में जुटे हैं। वहीं पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। एसपीजी और स्थानीय पुलिस ने कार्यक्रम स्थलों एवं रूट प्लान को अंतिम रूप दे दिया है l
देवभूमि से 2027 का शंखनाद करेंगे राहुल गांधी,पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद, देहरादून में संगठन को देंगे जीत का मंत्र; प्रियव्रत बोले— उत्तराखंड बदलाव के लिए तैयार




