गंगा की बहती धारा पर खनन माफियाओं का हमला, कानून बेबस — प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
लक्सर/हरिद्वार।तहसील लक्सर के मौजा रामपुर रायघटी क्षेत्र में दिनदहाड़े बहती गंगा नदी की सक्रिय धारा में खुलेआम अवैध खनन किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मछली पालन एवं खनन पट्टे की आड़ में खनन माफिया लगातार पोकलैंड मशीनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रकों एवं 4×4 वाहनों के माध्यम से गंगा की मुख्य धारा से रेत-बजरी निकाल रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतीय कानूनों एवं नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुसार नदी की सक्रिय धारा (Active Channel) में किसी भी प्रकार का खनन पूर्णतः प्रतिबंधित है, क्योंकि इससे नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ता है और पर्यावरणीय संतुलन पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। इसके बावजूद खनन माफियाओं द्वारा खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।आरोप है कि दिन-रात चल रहे इस अवैध कारोबार के चलते गंगा की धारा को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं आसपास के ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश व्याप्त है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन को प्रमाण स्वरूप फोटो एवं वीडियो भी उपलब्ध कराए हैं और तत्काल मौके पर पहुंचकर अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की है।ग्रामीणों एवं सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मशीनों और वाहनों को तत्काल सीज करने की मांग की है।
रिपोर्ट – प्राप्त सूत्रों के आधार पर










