15 दिन से धरने पर वन विकास निगम के कर्मचारी, 1600 सेवानिवृत्त कर्मियों के भुगतान पर सरकार की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया देयकों का शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन में कूदेगा गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन
देहरादून, 25 नवंबर। उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संघ के आह्वान पर निगम के कर्मचारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से वन विकास निगम मुख्यालय में धरने पर बैठे हैं। कर्मचारियों की मांगों पर अब तक ठोस कार्रवाई न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सबसे गंभीर विषय निगम के लगभग 1600 सेवानिवृत्त कार्मिकों के लंबित देयकों का भुगतान न होना है, जिसके चलते सेवानिवृत्त कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन ने इस स्थिति पर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष निगम की सेवा में समर्पित किए, उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही हक के भुगतान के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद पीड़ादायक और चिंताजनक है।
संगठन ने निगम के उच्च अधिकारियों एवं शासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल संज्ञान लिया जाए और सेवानिवृत्त 1600 कार्मिकों के लंबित देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कर्मचारियों की अन्य लंबित मांगों का भी शीघ्र समाधान किया जाए।
संगठन ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन वन विकास निगम कर्मचारी संघ के आंदोलन को समर्थन देने के साथ स्वयं भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाने के लिए मजबूर होगा। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और उनके बकाया भुगतान के लिए संगठन संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा।
15 दिन से धरने पर वन विकास निगम के कर्मचारी, 1600 सेवानिवृत्त कर्मियों के भुगतान पर सरकार की चुप्पी दुर्भाग्यपूर्ण,शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन में कूदेगा गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन














