दिनांक: 20 नवंबर 2026
रानीपुर विधानसभा में ₹80 करोड़ की सीवर परियोजना का विधिवत पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ
35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन का होगा निर्माण,हरिद्वार नगरनिगम क्षेत्र के सम्पूर्ण वार्ड 59 और वार्ड 60 की अनेक कॉलोनियों की बड़ी आबादी को मिलेगा लाभ
विधायक आदेश चौहान ने पूजन-अर्चना के साथ कराया निर्माण कार्य का शुभारंभ
हरिद्वार। बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केएफडब्ल्यू (KfW) पोषित परियोजना के अंतर्गत लगभग ₹80 करोड़ की लागत से सीवर लाइन निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। इस परियोजना के तहत क्षेत्र में लगभग 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। शुक्रवार को विधायक आदेश चौहान ने विधिवत पूजन-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
इस महत्वपूर्ण परियोजना से नगर निगम हरिद्वार क्षेत्र के सम्पूर्ण वार्ड संख्या 59 एवं वार्ड संख्या 60 के अंतर्गत आने वाले ट्रांसपोर्ट नगर, सीतापुर, जानकी विहार, रवि विहार, हरिलोक फेस-2, नया गांव, नाहर सिंह एन्क्लेव, ब्रह्म सिंह एन्क्लेव, ब्रज सिंह-भूप सिंह एन्क्लेव, जगदीश कॉलोनी, योरावर एन्क्लेव, गणेश विहार फेस-1 एवं फेस-2, राजलोक विहार तथा राधा एन्क्लेव सहित अनेक कॉलोनियां लाभान्वित होंगी। परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की बड़ी आबादी को बेहतर सीवर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही उन्होंने इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रयास प्रारंभ कर दिए थे। इन्हीं प्रयासों के फलस्वरूप वर्ष 2015 में योजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी गई। वर्ष 2017 में प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में तेजी से कार्य हुआ।
उन्होंने बताया कि तत्कालीन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल इस परियोजना की प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं को आगे बढ़ाने के लिए जर्मनी भी गया था। निरंतर प्रयासों और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से केएफडब्ल्यू पोषित परियोजना के पैकेज-3 के अंतर्गत रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए यह महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हो पाया है।
विधायक ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। सड़क, पेयजल, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि लगभग ₹80 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन के निर्माण से स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा तथा स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से अपेक्षित सुविधा मिल सकेगी। क्षेत्र के विकास और जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनके प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
कार्य शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रवासियों ने विधायक आदेश चौहान द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों तथा इस महत्वपूर्ण सीवर परियोजना की स्वीकृति एवं निर्माण कार्य के शुभारंभ पर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पार्षद विनीत चौहान, संदीप शर्मा, देवेश वर्मा, धीरेंद्र प्रधान, लैविश चौहान, नीति शर्मा, पवन चौहान, राजीव चौहान, अजय सोलंकी, अधिशासी अभियंता मीनाक्षी, विजय शुक्ला, गोपाल शर्मा, आकाश चौधरी, रतीभान चौहान, उदयवीर सिंह, महेश कुमार, मनोज कुमार, बृजभूषण, नंदन शर्मा, राज शर्मा, मोनू चौहान, सुरेंद्र चौहान, जे.के. तोमर एवं कपिल कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अतुल वशिष्ठ













