ज्वालापुर के बड़ा वाला में सपा की पंचायत, बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा; पीडीए के हक-अधिकार की लड़ाई का किया दावा

हरिद्वार(कमल शर्मा)ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ा वाला में रविवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत का आयोजन समाजवादी पार्टी हरिद्वार की पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन देवी के द्वारा कराया गया। पंचायत की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी करते हुए स्थानीय मुद्दों और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी बात रखी।

पंचायत को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शुभम गिरी ने उत्तर प्रदेश की पिछली समाजवादी सरकार के दौरान संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को विस्तार से बताया। उन्होंने मौजूदा प्रदेश सरकार पर आम जनता की अनदेखी करने और विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित नहीं करने का आरोप लगाया।

शुभम गिरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता को मिले, इसके लिए जमीनी स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धन्नो ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर पीडीए समाज की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में पीडीए समाज अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है तथा समाज के लोगों के साथ उत्पीड़न किया जा रहा है।

राव धन्नो ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी और उनके हक की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा।

पंचायत के दौरान सपा नेता महिपाल चौधरी सहित समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संगठन को मजबूत करने, आम जनता के बीच पहुंच बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सपा नेता नेपाल चौधरी सहित समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट— विजय यदवंशी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *