हरित हरिद्वार अभियान : कुम्भ-2027 के लिए हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की पहल

हरिद्वार, 22 मई 2026

कुंभ मेला-2027 के लिए हरिद्वार को सजाने और संवारने तथा हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से मेला प्रशासन द्वारा हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण के सहयोग से आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए “हरित हरिद्वार अभियान” संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत आगामी मानसून सत्र के दौरान कुंभ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जाएगा।

मेला अधिकारी एवं हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती सोनिका की पहल पर संचालित होने वाले इस अभियान के लिए समग्र नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्रा को नामित किया गया है। श्री मिश्रा ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि “हरित हरिद्वार अभियान” के अंतर्गत जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया जाएगा तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि हरिद्वार में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और स्थायी हरित वातावरण विकसित करना भी है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं एवं सामाजिक संगठन ऐसे स्थानों का चयन कर सकते हैं जहां वे पौधारोपण कराना चाहते हैं। चयनित स्थलों की सूचना प्राधिकरण को उपलब्ध कराने पर समन्वय स्थापित कर पौधारोपण एवं संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला-2027 केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का भी एक बड़ा अवसर है। उन्होंने आमजन, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं से “हरित हरिद्वार अभियान” में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित स्वरूप प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

अभियान से जुड़ने एवं जानकारी हेतु मोबाइल नंबर 9084700675 एवं 9084700674 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *