जगजीतपुर में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के नए परिसर का भव्य शुभारंभ, आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

हरिद्वार (कमल शर्मा), 28 जुलाई 2026।
जगजीतपुर में उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर का मंगलवार को भव्य शुभारंभ माननीय अध्यक्ष श्री हरिहर पटनायक के करकमलों द्वारा विधिवत किया गया। उद्घाटन समारोह में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह के दौरान बैंक की उपलब्धियों, भावी योजनाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।


इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने नए परिसर का अवलोकन करते हुए इसे बैंक की प्रगति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह में बैंक की वित्तीय उपलब्धियों, ग्राहक सेवा, डिजिटल बैंकिंग, कृषि एवं एमएसएमई ऋण विस्तार तथा वित्तीय समावेशन के लक्ष्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।


माननीय अध्यक्ष श्री हरिहर पटनायक ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक ने बीते वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए ग्राहकों का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं देना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास का सशक्त माध्यम बनना है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक, पारदर्शिता, बेहतर ग्राहक सेवा और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता के बल पर बैंक आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने का आह्वान किया।


शाखा प्रबंधक उमा नाथ ने कहा कि जगजीतपुर में नए परिसर के शुभारंभ से ग्राहकों को आधुनिक एवं सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि बैंक किसानों, स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं, युवाओं, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा बैंक की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।


समारोह के दौरान बैंक के अधिकारियों ने बताया कि उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की बैलेंस शीट का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करते हुए कुल 14,403 करोड़ रुपये का व्यवसाय दर्ज किया है। साथ ही बैंक ने 283.79 करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक शुद्ध लाभ अर्जित कर नई उपलब्धि हासिल की है।


उद्घाटन समारोह का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। उपस्थित लोगों ने नए परिसर के शुभारंभ पर बैंक परिवार को शुभकामनाएं देते हुए इसे क्षेत्र के विकास और बेहतर बैंकिंग सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *