मानवता की मिसाल: ज्वालापुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

कमल शर्मा (हरिहर समाचार)

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में रविवार को मानव सेवा और समाज हित का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। अनुराग पैलेस, निकट रेलवे फाटक ज्वालापुर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदान दिया।
शिविर का आयोजन 15 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक किया गया। शिविर में तकनीकी सहयोग जीवन रक्षक ब्लड सेंटर, हरिद्वार की टीम द्वारा दिया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया।


आयोजक सनी पंडित ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए ताकि अस्पतालों में रक्त की कमी से किसी मरीज की जान न जाए।
सह-आयोजक निधि चौहान ने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि हर स्वस्थ व्यक्ति साल में एक बार भी रक्तदान करे तो देश में रक्त की कमी कभी नहीं होगी। इस तरह के शिविर समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया और आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *