नन्हे कांवड़ियों की भक्ति ने जीता सबका दिल, अस्मिता फाउंडेशन की सेवा बनी आस्था का अनुपम उदाहरण



हरिद्वार(कमल शर्मा)सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान अस्मिता फाउंडेशन द्वारा आयोजित कांवड़ सेवा कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और मानवता का अद्भुत संगम बन गया। कार्यक्रम में हजारों शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करते हुए स्वयंसेवकों ने फल, जलपान एवं आवश्यक सामग्री वितरित की। सेवा के इस पुनीत कार्य ने सभी के हृदय को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और भावुक दृश्य उन नन्हे-नन्हे बच्चों का रहा, जो कांवड़िया वेशभूषा में “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भोले बाबा के प्रति अपनी अटूट आस्था का परिचय दे रहे थे। उनकी मासूम मुस्कान, उत्साह और भक्ति ने वहां मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया।
अस्मिता फाउंडेशन परिवार ने कहा कि शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा करना उनके लिए परम सौभाग्य और ईश्वर की कृपा है। सेवा का यह अवसर केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का अमूल्य अनुभव है, जो समाज में प्रेम, सहयोग और मानवता का संदेश देता है।
इस सेवा अभियान में श्रीमती नीता नय्यर, श्रीमती मानसी मिश्रा, श्रीमती मोनिका रॉय, श्री विमलेश गौर, श्रीमती सुमन अस्थाना, श्री पदम प्रकाश शर्मा, श्री मनोज कुमार कम्बोज एवं श्रीमती आरती मेहता ने सक्रिय सहभागिता निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
अस्मिता फाउंडेशन ने सभी समाजसेवियों से आह्वान किया कि वे समय-समय पर मानव सेवा, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। संस्था का मानना है कि “सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और महादेव के भक्तों की सेवा करना परम सौभाग्य है।”
हर-हर महादेव! 🚩🔱

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *