हरिद्वार। श्री दादू दयालु महाराज की पावन जयंती के अवसर पर श्री दादूबाग आश्रम एवं श्री दादू महानन्दाश्रम में 4 मई 2026 से 11 मई 2026 तक आयोजित श्री दादू जयन्ती महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और संत समागम के दिव्य वातावरण में संपन्न हो रहा है। महोत्सव में देशभर से संत-महात्मा, श्रद्धालु एवं दादू पंथ के अनुयायी बड़ी संख्या में पहुंचकर संत वाणी का श्रवण कर रहे हैं।

महोत्सव के दौरान दादू वाणी के अमृतमय संदेशों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम में गूंजते “दादूराम! सत्यराम!!” के जयघोषों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। संतों ने दादू दयाल जी के उपदेशों को मानव जीवन के लिए कल्याणकारी बताते हुए प्रेम, सेवा और अहंकार त्याग का संदेश दिया

इस अवसर पर संतों द्वारा दादू वाणी की यह पंक्ति विशेष रूप से श्रद्धालुओं को प्रेरित करती रही—
“दादू संत मिलन को जाईये, तज आपा अभिमान।
ज्यों ज्यों पग आगे धरे, कोटीक यज्ञ समान।।“
महोत्सव में श्री रूपनारायण जी स्वामी, बजरंग दास जी स्वामी, पप्पूदास जी स्वामी सहित अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल भंडारे की विशेष व्यवस्था की गई। यह आयोजन स्वर्गीय संतों की पुण्य स्मृति में श्रद्धा एवं सेवा भाव से संपन्न कराया जा रहा है।

महोत्सव के व्यवस्थापक श्री भारत भूषण जोशी ने कहा कि दादू दयाल जी महाराज का संदेश आज भी समाज को प्रेम, समानता और सद्भाव की राह दिखाता है। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य और सत्संग मानव जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य है तथा ऐसे आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड सहित राजस्थान और अन्य राज्यों से आए संतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया।



