रुड़की (कमल शर्मा)नंद विहार कॉलोनी गली नं. 3 स्थित निवास पर बेटी श्रेया के जन्मदिवस के पावन अवसर पर वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य यज्ञ एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आचार्य श्री बिहारी लाल जी के ब्रह्मत्व में संपन्न हुए यज्ञ में उपस्थित श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विशेष आहुतियां प्रदान कर बालिका श्रेया के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

यज्ञ स्थल पर पूरे वातावरण में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने बेटी श्रेया को आशीर्वाद देते हुए उसके जीवन में सफलता, संस्कार और सुख-समृद्धि की मंगलकामनाएं कीं। कार्यक्रम के उपरांत प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोजन का आयोजन भी किया गया।

इस अवसर पर प्रधान हरपाल सैनी ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं। वैदिक परंपराओं के माध्यम से बच्चों के जन्मदिवस मनाने से उनमें संस्कारों का संचार होता है तथा समाज को सकारात्मक संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश आज हर परिवार तक पहुंचना चाहिए।

वहीं जन्मदिवस पर भावुक हुई श्रेया ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उसे बेहद खुशी है कि उसके जन्मदिन को वैदिक यज्ञ एवं आशीर्वाद समारोह के रूप में मनाया गया। उसने कहा कि सभी बड़ों का स्नेह और आशीर्वाद उसके लिए जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं सभी के मंगलमय जीवन की कामना के साथ हुआ।




