🔥 कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। मजदूर अधिकार संघर्ष अभियान के आह्वान पर एक अप्रैल से लागू नई श्रम संहिताओं के विरोध में हरिद्वार में “काला दिवस” मनाते हुए मजदूर संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मजदूरों ने हाथों पर काली पट्टियां बांधकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
इंकलाबी मजदूर केन्द्र, संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन से जुड़े सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न यूनियनों तथा प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र के संयुक्त बैनर तले सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र के प्रवेश द्वार, चिन्मय डिग्री कॉलेज चौक पर सुबह 6 बजे से ही मजदूरों का जमावड़ा लग गया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार के कथित मजदूर विरोधी फैसलों की आलोचना की।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता 2020 और सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 को जल्दबाजी में संसद से पारित कर कानून बना दिया, जो मजदूर वर्ग के अधिकारों पर सीधा हमला है। उनका आरोप था कि इन कानूनों के जरिए ट्रेड यूनियनों के अधिकार सीमित किए गए हैं और हड़ताल जैसे मूल अधिकार को कठिन बना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि स्थायी रोजगार की व्यवस्था को कमजोर कर ठेका प्रथा को बढ़ावा दिया जा रहा है। पहले 100 मजदूरों तक के कारखानों को बंद करने की छूट थी, जिसे बढ़ाकर 300 मजदूरों तक कर दिया गया है, जिससे पूंजीपतियों को मनमानी का अवसर मिलेगा।
मजदूर नेताओं ने चेतावनी दी कि ये चारों श्रम संहिताएं एक अप्रैल 2026 से लागू होने के खिलाफ देशभर में विरोध जारी रहेगा और यदि सरकार ने इन्हें वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में इंकलाबी मजदूर संगठन के पंकज कुमार, प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की नीता, संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन के संयोजक एवं फूड्स श्रमिक यूनियन आईटीसी के महामंत्री गोविंद सिंह, आईटीसी मजदूर संघ के महामंत्री रवि चंदोला, भेल मजदूर ट्रेड यूनियन के अध्यक्ष राजकिशोर, कर्मचारी संघ सत्यम ऑटो के महिपाल, एवरेडी मजदूर यूनियन के महामंत्री अनिल कुमार, किर्बी श्रमिक कमेटी के प्रधान वाजिद, सिमेंस वर्कर्स यूनियन (सी एंड एस) के महिपाल, देवभूमि श्रमिक संगठन हिंदुस्तान यूनिलीवर के ललित सिंह सहित दर्जनों मजदूर उपस्थित रहे।
श्रम संहिताओं के खिलाफ फूटा मजदूरों का गुस्सा, हरिद्वार में “काला दिवस” पर जोरदार प्रदर्शन 🔥



