हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र की दो बुजुर्ग महिलाओं ने पड़ोस के तीन लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई न होने से नाराज पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
तिरूपति कॉलोनी, दादूपुर गोविन्दपुर निवासी आसी पत्नी चन्द्रभान द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम दादूपुर सलेमपुर स्थित उनके और उनकी देवरानी ज्ञानदेवी के प्लॉट पर दुकान का निर्माण कार्य चल रहा है। दुकान का फाउंडेशन ऊंचा होने के कारण दोनों बुजुर्ग महिलाओं ने दुकान में आने-जाने के लिए चार इंच चौड़ी पैड़ी (सीढ़ीनुमा रास्ता) बनवाना शुरू किया था।

आरोप है कि 7 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे पड़ोस में रहने वाले सुभाष, अभिषेक और मनोज मौके पर पहुंचे और पैड़ी निर्माण का विरोध करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और निर्माणाधीन पैड़ी को तोड़ने लगे। जब दोनों महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान अभिषेक ने उनके मुंह पर मुक्का मारा, जिससे उनके दो दांत टूट गए, जबकि सुभाष और मनोज ने थप्पड़ और मुक्कों से हमला किया। दोनों महिलाओं के सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों महिलाओं ने पहले स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराया और अगले दिन सरकारी अस्पताल हरिद्वार में मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि 9 जून को थाना रानीपुर में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
पीड़िता ने कहा कि आरोपियों से उनके परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा है।




