आदर्शनगर की एकजुटता रंग लाई: जनता के विरोध के आगे झुका सिस्टम, मोबाइल टावर पर लगी ब्रेक!

जनता के दबाव के आगे झुका प्रशासन: आदर्शनगर में मोबाइल टावर पर लगी रोक


रुड़की। आदर्शनगर में प्रस्तावित मोबाइल टावर को लेकर पिछले पांच दिनों से चल रहे धरना-प्रदर्शन ने आखिरकार असर दिखा दिया। कॉलोनीवासियों के कड़े विरोध के बाद मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बड़ा आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि जनता के हितों को देखते हुए यहां मोबाइल टावर नहीं लगने दिया जाएगा।
झंडा चौक के पास प्रस्तावित इस टावर को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। उनका कहना था कि टावर लगने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ सकते हैं। इसी चिंता के चलते कॉलोनीवासी लगातार धरने पर बैठे हुए थे और टावर लगाने का कार्य रुकवाने की मांग कर रहे थे।
हालांकि जिस भवन पर टावर लगाया जाना था, उसके स्वामी ने प्रदर्शनकारियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बावजूद आंदोलनकारियों का कहना था कि जब तक कार्य पूरी तरह बंद नहीं होता, उनका विरोध जारी रहेगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पार्षद सचिन कश्यप ने कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट से वार्ता कर क्षेत्रवासियों की चिंताओं से अवगत कराया। मौके पर पहुंचे मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि अधिकारियों को फिलहाल टावर लगाने के कार्य पर रोक लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं और जनता की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा।
पार्षद सचिन कश्यप ने इसे क्षेत्र की जनता की बड़ी जीत बताया।
धरना-प्रदर्शन में विजय कुमार, सुनीता गोस्वामी, लव कुश गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, नीलम निधि, विजय धीमान, रविंदर धीमान, डिंपल धीमान, प्रदीप कश्यप, अंशुल सैनी, अक्षय चौधरी, श्याम सिंह, रोहित कश्यप, बृजेश, सागर अग्रवाल, अरविंद कपिल, रामकिशन, शोभित नामदेव, रोशन लाल, सोहेल सलमानी, अखिल चौधरी, रोहित सिंह, सात्विक कुमार, आदित्य श्रीवास्तव, दानिश, परवीन, योगेंद्र सिंह, मंजू कश्यप, गीता कश्यप, तूलिका, सनौद कश्यप, नीलम सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *