9 से 13 अगस्त तक होगा भव्य आयोजन, परम पूज्य कृष्णा संजय जी महाराज करेंगे संगीतमय कथा का वाचन


उदयपुर में पहली बार गूंजेगी श्री खाटू श्याम कथा की अमृतधारा

उदयपुर(कमल शर्मा)8 अगस्त। भक्ति और शक्ति की नगरी उदयपुर में पहली बार श्री खाटू श्याम कथा का भव्य एवं पावन आयोजन होने जा रहा है। कृष्णा सेवा संस्थान, उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन में हारे के सहारे, तीन बाणधारी खाटू वाले श्याम बाबा की संगीतमय कथा का भक्तों को श्रवण करने का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा।


आयोजन 9 से 13 अगस्त 2026 तक श्री खाटू श्याम जी मंदिर, पुलिस लाइन के सामने, गायरियावास, उदयपुर में होगा। प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से शाम 7 बजे तक कथा का वाचन किया जाएगा। कथा की अमृतमयी सरिता श्री मोहन गोकुलधाम, हरिद्वार के पीठाधीश्वर एवं प्रख्यात कथावाचक परम पूज्य श्री कृष्णा संजय जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित होगी।


तीन बाणधारी श्याम बाबा की महिमा बताएंगे महाराज
भव्य आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में पूज्य कृष्णा संजय जी महाराज ने कहा कि तीन बाणधारी श्याम बाबा की महिमा सनातन परंपरा में विशेष आध्यात्मिक महत्व रखती है। उन्होंने बताया कि बाबा श्याम की कथा का वर्णन स्कंद पुराण में मिलता है और अनंत जन्मों के पुण्य के उदय होने पर ही ऐसी दिव्य कथा का श्रवण करने का अवसर प्राप्त होता है।


उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान श्री खाटू श्याम हारे के सहारे हैं। जो श्रद्धालु अपनी व्यथा लेकर बाबा के दरबार में पहुंचता है, वह आशा और प्रसन्नता लेकर लौटता है। आगामी पांच दिनों में बाबा श्याम के दिव्य चरित्र, अलौकिक चमत्कारों तथा भक्ति से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
श्रावण मास में कथा का आयोजन सौभाग्य का विषय
महाराज श्री ने कहा कि पवित्र श्रावण मास में उदयपुर में श्री खाटू श्याम कथा का आयोजन होना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है। कथा के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक आनंद के साथ धर्म लाभ प्राप्त होगा।
आयोजन समिति के रमन सूद ने बताया कि कृष्णा सेवा संस्थान लंबे समय से धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि पूज्य कृष्णा संजय जी महाराज हरिद्वार स्थित मोहन गोकुलधाम पीठ के पीठाधीश्वर हैं और गंगा तट स्थित आश्रम से वर्षों से धर्मकथाओं का वाचन करते आ रहे हैं। वर्ष 2017 में पहली बार उदयपुर आगमन के बाद से वे लगातार यहां धर्म और भक्ति की गंगा प्रवाहित कर रहे हैं।


उन्होंने बताया कि महाराज श्री श्रीनाथजी के अनन्य भक्त हैं और उन्होंने श्री खाटू श्याम कथा का संकलन कर पहली बार उदयपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर प्रांगण से भक्तों तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
9 अगस्त को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
आयोजन की शुरुआत 9 अगस्त, रविवार को प्रातः 10 बजे मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। आयोजन समिति ने मातृशक्ति से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर कलश यात्रा को भव्य बनाने का आह्वान किया है।
10 से 12 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक कथा का नियमित वाचन होगा। वहीं 13 अगस्त, गुरुवार को प्रातः 10 बजे कथा का समापन सत्र, दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति और इसके पश्चात महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


भंडारे की जिम्मेदारी कालू लाल जैन ने संभाली
आयोजन समिति के अनुसार सबीना निवासी श्री कालू लाल जैन ने भामाशाह के रूप में आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। 13 अगस्त को कथा समापन के बाद होने वाले महाभंडारे की संपूर्ण जिम्मेदारी भी उनके द्वारा वहन की जाएगी।
आयोजन समिति की कीर्ति सूद ने समस्त श्याम प्रेमी भक्तों एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित आयोजन में पहुंचने का आग्रह करते हुए कहा कि श्रद्धालु इस दिव्य अवसर पर कथा श्रवण कर भक्ति रस में सराबोर हों और बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें।


प्रेस वार्ता के दौरान प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री कालू लाल जैन, कीर्ति सूद, रमन सूद, अशोक, सपना माथुर, लीना राणा जायसवाल, मधु मनीष जायसवाल, रितु अग्रवाल, सुरभि अरोड़ा, डॉ. निशा, राकेश दुग्गल, चंचल कुमार अग्रवाल सहित आयोजन समिति के अनेक सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
पांच दिन भक्ति, आस्था और श्याम महिमा से सराबोर रहेगा उदयपुर
श्री खाटू श्याम कथा के इस भव्य आयोजन को लेकर उदयपुर के श्याम प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। पांच दिनों तक कथा, कलश यात्रा, पूर्णाहुति और महाप्रसादी के माध्यम से उदयपुर में भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *