नरेशानंद गिरी आश्रम में गुरु स्मृति दिवस पर संत सम्मेलन और विशाल भंडारे का भव्य आयोजन, संतों ने गुरु महिमा का किया गुणगान


हरिद्वार (कमल शर्मा)। धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल स्थित नरेशानंद गिरी आश्रम में गुरु स्मृति दिवस श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर परम पूज्य गुरु नरेशानंद गिरी जी महाराज एवं पूज्य स्वामी शांतानंद सरस्वती जी महाराज की पुण्य स्मृति में भव्य संत सम्मेलन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, महामंडलेश्वरों, श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों ने पहुंचकर गुरुजनों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आश्रम में भक्तिमय वातावरण बना रहा। संत सम्मेलन में संत-महापुरुषों ने गुरु की महिमा, गुरु-शिष्य परंपरा और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि शिष्य के जीवन को सही दिशा प्रदान कर उसे आध्यात्मिक उन्नति के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। गुरुजनों के आदर्श, त्याग और तपस्या सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर श्री संजय गिरी जी महाराज ने कहा कि गुरु स्मृति दिवस केवल अपने पूज्य गुरुदेवों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके बताए आदर्शों और संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेने का दिन है। पूज्य गुरु नरेशानंद गिरी जी महाराज एवं स्वामी शांतानंद सरस्वती जी महाराज ने धर्म, अध्यात्म और मानव सेवा के क्षेत्र में जो मार्ग प्रशस्त किया, वह सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। गुरु की कृपा और उनका आशीर्वाद ही शिष्य के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि संतों का सानिध्य और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना देखने को मिली। उपस्थित श्रद्धालुओं ने दोनों पूज्य गुरुजनों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *