हरिद्वार से शुरू होगा सात दिवसीय शीतकालीन धार्मिक प्रवास, गंगोत्री-यमुनोत्री से लेकर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम तक करेंगे दर्शन
घर-घर पहुंचेगा भगवान का समौण प्रसाद, 18 महिला मंगल दलों ने तैयार किए हजारों अरसे और रोट
हरिद्वार (कमल शर्मा)। ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने कहा कि कुंभ हो अथवा अर्धकुंभ, दोनों ही धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इन आयोजनों में सभी संत-महात्मा, महामंडलेश्वर एवं शंकराचार्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सक्रिय भागीदारी करेंगे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देंगे। यह विचार उन्होंने हरिद्वार स्थित अपने आश्रम में हमारे संवाददाता से हुई विशेष बातचीत के दौरान व्यक्त किए।
कुंभ एवं अर्धकुंभ की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने कहा कि यह संत समाज और श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इसमें सभी संत परंपराओं की सहभागिता रहेगी। प्रत्येक संत और धर्माचार्य अपनी भूमिका के अनुरूप योगदान देते हुए धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाएंगे।
वहीं आगामी शीतकालीन धार्मिक प्रवास के संबंध में महाराज श्री ने बताया कि इसकी शुरुआत हरिद्वार के चंडी घाट स्थित नमामि गंगे घाट पर मां गंगा के विधिवत पूजन के साथ पूर्णिमा के दिन होता है। सात दिवसीय इस धार्मिक यात्रा के दौरान हरिद्वार से यमुनोत्री, गंगोत्री, शीतकालीन केदार भगवान के दर्शन के लिए ऊखीमठ तथा इसके बाद ज्योतिर्मठ पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए जाते हैं। इस यात्रा का उद्देश्य देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं, तीर्थस्थलों और सनातन संस्कृति से जुड़ाव को और मजबूत करना है।
घर-घर पहुंचेगा भगवान का समौण प्रसाद
उधर, बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विराजमान हो गई है। इस अवसर पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज की पहल पर नगर के प्रत्येक घर तक भगवान का समौण (महाप्रसाद) पहुंचाने की विशेष पहल की गई है।
इस पुनीत कार्य में स्थानीय महिला मंगल दलों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। पहाड़ की पारंपरिक संस्कृति और खानपान की पहचान अरसे एवं रोट तैयार किए गए। इस वर्ष 18 महिला मंगल दलों की महिलाओं ने हजारों की संख्या में अरसे और रोट बनाकर इस धार्मिक आयोजन में अपना योगदान दिया। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भगवान को समौण प्रसाद अर्पित किया।
इसके बाद घर-घर प्रसाद वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई, जिससे ज्योतिर्मठ के प्रत्येक परिवार तक भगवान का आशीर्वाद पहुंच सके। महाराज श्री की इस पहल को स्थानीय धार्मिक परंपराओं, सामाजिक सहभागिता और महिला शक्ति को सम्मान देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।













